नई दिल्ली । स्वरूप नगर इलाके में रविवार को खेत में 40 साल के व्यक्ति का शव मिला है। उसके गले और सीने पर चोट के निशान हैं। आशंका है कि उसकी किसी अन्य जगह पर हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाया गया है। शव दो-तीन दिन पुराना है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को स्वरूप नगर थाना पुलिस को एक खेत में शव पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव 40 साल के व्यक्ति का है और शव सड़ी-गली अवस्था में है। जांच के दौरान पता चला कि उसके गले और सीने में चोट के निशान थे। मृतक के पास से कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आशंका है कि उसकी हत्या कहीं और की गई है और शव को यहां ठिकाने लगाया गया है। पुलिस ने शव मिलने की जानकारी दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों की पुलिस को दे दी है। साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों से पूछताछ कर उसकी शिनाख्त करने में जुटी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृतक यहां तक कैसे पहुंचा है।


