पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने कल शुक्रवार को राजधानी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक ग्रैंड ओपनिंग शो के साथ अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' की शुरुआत की। उन्हें सुनने के लिए हजारों फैंस उमड़े। संगीत से सजी इस शाम में फैंस झूम उठे। फैंस को न सर्दी की दस्तक रोक पाई और न ही बारिश।
शो को सफल बनाने के लिए दिलजीत ने दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ का आभार व्यक्त किया।
दिलजीत ने किया महिला सुरक्षाकर्मी को सलाम
दिलजीत दोसांझ ने बीती शाम शानदार परफॉर्मेंस देकर फैंस का दिल जीत लिया। वे स्टेज पर आए और स्टेडियम में मौजूद फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया। दिलजीत ने 'मोरनी' गाने से कॉन्सर्ट की शुरुआत की। फिर कई हिट गानों पर परफॉर्मेंस दी। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे सीआरपीएफ महिला सुरक्षाकर्मी को सलाम करते नजर आ रहे हैं।
सिंगर बोले- 'मुझे लगा मेरी मां खड़ी है'
दिलजीत दोसांझ ने महिला सुरक्षाकर्मी को स्टेज पर बुलाया और मौजूद भीड़ से कहा, 'इन्हें जोरदार सैल्यूट मारो'। सिंगर ने खुद भी सलाम किया। महिला सुरक्षाकर्मी दिलजीत के गले लग गईं। सिंगर ने कहा, 'आप न हो तो हम इतना सुरक्षित नहीं महसूस कर सकते। आपकी बहुत देन है। शुक्रिया'। दिलजीत ने कहा, 'मैंने आपको खड़े देखा तो लगा मेरी मां खड़ी हैं। मेरी मम्मी का फोन आया कि अपना ख्याल रखना। मैंने कहा, चिंता मत करो। आज आपको देखकर लगा कि मेरी मां ही मेरे पास खड़ी हैं'। यह वीडियो खुद दिलजीत ने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है।
दिलजीत के कॉन्सर्ट में आए हजारों फैंस
इसके अलावा दिलजीत ने एक और वीडियो भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया है। इसे मूल रूप से दिलजीत दोसांझ के फैन क्लब अकाउंट से साझा किया गया है। इसमें तस्वीरों की एक सीरीज है, जिसमें देखा जा सकता है कि कॉन्सर्ट में कितनी भीड़ उमड़ी है। कैप्शन लिखा है, 'दिल्ली शटडाउन। 80 हजार। उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया और 'ऑरा इंडिया टूर' शुरू हो चुका है'।


